परिवार

परिवार वह आधार है, जहाँ से मनुष्य जीवन जीने की कला सीखता है। यही वह पहली संस्था है, जो हमें संस्कार, आदर्श, सुरक्षा और प्रेम देती है। इसलिए परिवार के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाना हर सदस्य का कर्तव्य होता है। परिवार की ज़िम्मेदारियाँ सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि यह सभी सदस्यों पर समान रूप से बँटी होती हैं। हर भूमिका का अपना महत्व है—कभी माँ का मार्गदर्शन, कभी पिता का संबल, कभी दादा-दादी का अनुभव, तो कभी बच्चों की मासूम ऊर्जा… यही सब मिलकर “परिवार” को पूर्ण बनाते हैं।

परिवार की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है आपसी प्यार और समझ को कायम रखना। घर वह जगह है जहाँ हम अपने विचार खुलकर व्यक्त कर सकते हैं, लेकिन साथ ही दूसरों की भावनाओं का सम्मान करना भी जरूरी है। जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे की बात सुनते और समझते हैं, तब रिश्ते मजबूत होते हैं।

परिवार का पालन–पोषण केवल कमाने वाले सदस्य का कर्तव्य नहीं, बल्कि सभी की साझी जिम्मेदारी है। जो बड़ा हो सकता है कमाकर योगदान देता है, और जो छोटा हो, वह पढ़ाई व घर के छोटे कामों में सहयोग देकर अपनी जिम्मेदारी निभाता है। समाज में अच्छा व्यवहार करना भी परिवार की छवि को बनाए रखने की जिम्मेदारी है

परिवार की नींव दो स्तंभों पर खड़ी होती है—बुज़ुर्गों का अनुभव और बच्चों का भविष्य। बड़े हमारे जीवन अनुभव का खजाना हैं, इसलिए उनका सम्मान करना और उनकी देखभाल करना जरूरी है। वहीं बच्चों को अच्छे संस्कार देना, सही दिशा दिखाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना परिवार का महत्वपूर्ण दायित्व है।

जीवन में कठिन समय किसी के भी जीवन में आ सकता है। परिवार का असली महत्व तब समझ आता है जब सभी साथ मिलकर चुनौतियों का सामना करते हैं। बीमारी, आर्थिक परेशानी, या भावनात्मक तनाव के समय परिवार ही सबसे बड़ा सहारा बनता है। यह साथ ही परिवार की असली जिम्मेदारी है।

परिवार की जिम्मेदारी केवल कठिन समय तक सीमित नहीं। खुशियाँ साझा करना, उत्सव मनाना और घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जब हर व्यक्ति खुश होता है, तो घर में ऊर्जा और उत्साह प्राकृतिक रूप से बढ़ जाता है।

परिवार की जिम्मेदारियाँ हमें बोझ नहीं बनातीं, बल्कि हमारे जीवन को संतुलित, सुरक्षित और अर्थपूर्ण बनाती हैं। जब हर सदस्य अपनी जिम्मेदारी समझकर निभाता है, तो परिवार एक ऐसी शक्ति बन जाता है जो जीवन के हर मोड़ पर साथ खड़ी रहती है। यही जिम्मेदारियाँ परिवार को एक सुंदर, सशक्त और अनुशासित इकाई बनाती हैं।

डॉ रुपाली गर्ग

मुंबई महाराष्ट्र 

Comments

Popular posts from this blog

मासिक धर्म एक सम्मान

कलम

जीवन